उत्तर भारत में सर्दी की दस्तक, दक्षिण के इन राज्यों में 115 मिमी से अधिक बारिश के आसार

पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से हवा की रफ्तार में बढ़ोतरी हो सकती है, जिसके चलते आज से दिल्ली और एनसीआर में वायु गुणवत्ता सूचकांक में सुधार होने की संभावना है।

By Dayanidhi

On: Tuesday 21 November 2023
 

मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ की वजह से पश्चिमी हिमालय के कुछ इलाकों में बारिश तथा ऊंची पहाड़ियों में हिमपात होने का अनुमान है।

वहीं उत्तर भारत के उत्तराखंड के मौसम में बदलाव की बात करें तो, यहां मौसम साफ बना हुआ है साथ ही ठंड भी बढ़ गई है। ज्यादातर इलाकों में अधिकतम व न्यूनतम तापमान सामान्य से ऊपर बना हुआ है। हालांकि आगामी 23 नवंबर से एक और पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से पर्वतीय इलाकों में आंशिक तौर पर बादल मंडरा सकते हैं। उत्तराखंड की ऊंचाई वाले हिस्सों में बर्फबारी से मैदानी इलाकों में सर्दी का प्रकोप बढ़ गया है।

देश की राजधानी दिल्ली तथा एनसीआर में सुबह और शाम के समय ठंड लगने लगी है। अधिकतम व न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। बीते हुए कल, दिल्ली का न्यूनतम तापमान 12.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के मुताबिक, आज 21 नवंबर को भी दिल्ली-एनसीआर में ऐसा ही मौसम बने रहने का अनुमान है। दिन के समय आसमान के साफ रहने का पूर्वानुमान है और सुबह के समय धुंध तथा हल्का कोहरा देखने को मिल सकता है। आज यहां अधिकतम तापमान के 26 डिग्री और न्यूनतम तापमान के 12 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

मौसम विभाग की मानें तो, पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से हवा की रफ्तार में बढ़ोतरी हो सकती है, जिसके चलते आज यानी 21 नवंबर से दिल्ली और एनसीआर में वायु गुणवत्ता सूचकांक में सुधार होने की संभावना है

मौसम विभाग के मौसम पूर्वानुमान को देखें तो, पूर्व की ओर समुद्र तल पर एक ट्रफ रेखा श्रीलंका से दक्षिण पश्चिम और निकटवर्ती पश्चिम मध्य बंगाल की खाड़ी तक जारी है। वहीं एक ऊपरी हवाओं का चक्रवाती प्रसार कोमोरिन के इलाकों पर बना हुआ है, एक अन्य चक्रवाती प्रसार निचले स्तरों पर तमिलनाडु तट के पास बंगाल की दक्षिण-पश्चिम खाड़ी पर सक्रिय है।

मौसम विभाग ने उपरोक्त मौसम संबंधी गतिविधि को देखते हुए आज यानी 21 नवंबर, को तटीय आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल तथा केरल और माहे के अलग-अलग हिस्सों में भारी बारिश होने की आशंका व्यक्त की है। आज इन सभी राज्यों में 64.5 मिमी से 115.5 मिमी तक बारिश होने का पूर्वानुमान है।

चक्रवाती प्रसार का असर 25 नवंबर तक जारी रहेगा, जहां तमिलनाडु, केरल और माहे के कई इलाकों में हल्की से मध्यम तथा कुछ हिस्सों में भारी बारिश का दौर जारी रहेगा। वहीं 22-25 नवंबर, 2023 के दौरान दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में भी बादलों के जमकर बरसने का अनुमान है।

मौसम विभाग की मानें तो, देश के उपरोक्त हिस्सों को छोड़कर बाकी हिस्सों में मौसम के शुष्क रहने का अनुमान है।

Source : IMD

कहां चलेंगी तेज हवाएं, कहां पड़ेगी गरज के साथ बौछारें तथा कहां गिरेगी बिजली?
मौसम विभाग के मुताबिक, केरल और माहे के अलग-अलग हिस्सों में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की गति से चलने वाली तूफानी हवाओं के साथ बौछारें पड़ने तथा बिजली गिरने की आशंका जताई गई है

वहीं आज, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम, रायलसीमा और तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल के अलग-अलग हिस्सों में बारिश तथा वज्रपात के आसार हैं।

कहां-कहां रहा न्यूनतम तापमान सामान्य से बहुत कम?
कल, पश्चिम उत्तर प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में न्यूनतम तापमान सामान्य से -1.6 डिग्री से -3.0 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।

कहां-कहां रहा अधिकतम तापमान सामान्य से बहुत कम?
राजस्थान, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली के अलग-अलग हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से -1.6 डिग्री सेल्सियस से -3.0 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।

कहां रहा न्यूनतम तापमान सामान्य से कम?
कल, देश के मैदानी इलाकों में मेरठ (पश्चिमी उत्तर प्रदेश) में न्यूनतम तापमान 10.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

कहां रहा अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक?
कल, दहानू (कोंकण और गोवा) में अधिकतम तापमान 36.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

कल कहां हुई बारिश और कहां पड़ी गरज के साथ बौछारें?
कल, 20 नवंबर को 8:30 से 5:30 के दौरान असम और मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा, ओडिशा, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल के अलग-अलग हिस्सों में झूम के बादल बरसे या गरज के साथ बौछारें पड़ी।

कल कहां हुई एक सेमी या उससे अधिक बारिश?
कल, 20 नवंबर को 8:30 से 5:30 के दौरान तमिलनाडु के पुझल से तिरुवल्लुवर प्रत्येक जगह 2 सेमी, एन्नोर बंदरगाह, विल्लीवक्कम से कांचीपुरम प्रत्येक जगह 1 सेमी, तटीय आंध्र प्रदेश के नेल्लोर में 2 सेमी, मणिपुर के उखरूल में 1 सेमी बारिश दर्ज की गई।

Subscribe to our daily hindi newsletter