2023 मानसून : तेलंगाना के मुलुगू में दर्ज हुई सीजन की 24 घंटे में सबसे उच्चतम 649 एमएम वर्षा

तेलंगाना के कई जिलों में बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई है

By Vivek Mishra

On: Thursday 27 July 2023
 
तेलंगाना के महज एक दिन में मुलगू जिले में 650 मिलीमीटर (एमएम) वर्षा हुई। फोटो: twitter@MuluguSP

मानसून सीजन 2023 में 24 घंटे में सर्वाधिक वर्षा 26 जुलाई, 2023 को तेलंगाना के अकेले मुलगु जिले में दर्ज की गई। महज एक दिन में मुलगू जिले में 650 मिलीमीटर (एमएम) वर्षा हुई। इसके अलावा जयशंकर जिले में 616.5 एमएम वर्षा दर्ज की गई। तेलंगाना के कई जिलों में बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई है। 

निर्मल जिले में कादेम प्रोजेक्ट ओवरफ्लो हो गया। ट्विटर पर इस ओवरफ्लो डैम की तस्वीरें और वीडियो डालकर लिख रहे कि उन्होंने अपनी पूरी जिंदगी में ऐसी स्थिति नहीं देखी। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक मुलुगू जिले में 2004 के बाद इतनी वर्षा दर्ज की गई है।  

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के आरके जेनामनी के मुताबिक इस पूरे सीजन में पहली बार 24 घंटे के भीतर इस उच्चतम स्तर की वर्षा रिकॉर्ड की गई है। 

यूनिवर्सिटी ऑफ रीडिंग, यूके में ट्रॉपिकल एंड हिमालयन मीटियोरोलॉजी के शोधार्थी अक्षय देवरस के मुताबिक पूर्वी भारत के ऊपर लो प्रेशर एरिया का सर्कुलेशन बनने के कारण तेलंगाना में यह वर्षा दर्ज की गई है।

वहीं, आईएमडी के शोभित कटियार के मुताबिक मानसून ट्रफ अपने सामान्य से हटकर दक्षिण दिशा में है। राजस्थान के मध्य भाग से होते हुए मध्य प्रदेश के बाद छत्तीसगढ़ के बाद यह उड़ीसा से होते हुए पूर्व मध्य बंगाल के खाड़ी में जा रहा है। वहीं उड़ीसा के दक्षिणी भाग में कम दबाव का क्षेत्र का बना हुआ है जिसके चलते तेलंगाना, कर्नाटक, रायलसीमा और आंध्र प्रदेश व महाराष्ट्र के क्षेत्र में वर्षा हुई है और वहां बादल छाए हुए हैं। साथ ही बंगाल की खाड़ी में भी बादल मौजूद हैं। 

कटियार के मुताबिक एक सर्कुलेशन पंजाब के ऊपर बना हुआ है और मिडिल ट्रोपोस्फेरिक लेयर में एक शीयर जोन है जो महाराष्ट्र के विदर्भ, छत्तीसगढ़ होते हुए बंगाल की खाड़ी तक जा रहा है। इन सभी कारकों के आधार पर 27 जुलाई तक तेलंगाना और विदर्भ में 20 सेमी से अधिक (अत्यधिक भारी वर्षा) होने के आसार हैं। इसके बाद 29 जुलाई तक वर्षा में कमी आ सकती है। 

तेलंगाना में 26 जुलाई वर्षा की स्थिति

 Photo : IMD

Subscribe to our daily hindi newsletter