मॉनसून अपडेट: कम दबाव के चलते उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश समेत इन हिस्सों में जमकर बरसेंगे बादल
मौसम विभाग ने अगले 5 दिनों के दौरान भारत के दक्षिणी प्रायद्वीप में बारिश की गतिविधि के कम होने का पूर्वानुमान लगाया है
On: Thursday 15 September 2022
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार उत्तर-पश्चिम मध्य प्रदेश और इसके निकटवर्ती इलाकों में एक कम दबाव का क्षेत्र बन गया है, इससे संबंधित चक्रवाती प्रसार समुद्र तल से औसतन 7.6 किमी ऊपर तक फैला हुआ है।
इसके अगले 12 घंटों के दौरान धीरे-धीरे उत्तर, उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने और दक्षिण उत्तर प्रदेश में उत्तर-पूर्व की ओर बढ़ने का अनुमान है। इसका पश्चिमी इलाकों में ट्रफ के साथ असर पड़ रहा है और इस तरह के प्रभाव के 17 सितंबर, 2022 तक जारी रहने का पूर्वानुमान है।
16 सितंबर के आसपास दक्षिण-पश्चिम उत्तर प्रदेश के ऊपर बने एक दबाव के क्षेत्र के डिप्रेशन या अवसाद में बदलने के आसार हैं।
मौसम विभाग ने उपरोक्त मौसम संबंधी गतिविधियों को देखते हुए आज यानी 15 सितंबर को उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, पूर्वी राजस्थान, गुजरात, मध्य महाराष्ट्र, उत्तर-पश्चिम मध्य प्रदेश तथा कोंकण और गोवा के अलग-अलग हिस्सों में बादलों के जमकर बरसने का पूर्वानुमान लगाया है।
वहीं आज हरियाणा, पूर्वी मध्य प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल और सिक्किम, असम और मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह तथा सौराष्ट्र और कच्छ में मूसलाधार बारिश के आसार हैं।
15 से 17 सितंबर के दौरान उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के अधिकतर इलाकों में गरज के साथ भारी से बहुत भारी वर्षा होने तथा बिजली गिरने की आशंका है।
16 सितंबर को उत्तर पश्चिमी मध्य प्रदेश और 18 सितंबर को पश्चिम उत्तर प्रदेश में वज्रपात तथा बादलों के जमकर बरसने के आसार हैं।
वहीं 16 और 17 सितंबर को हिमाचल प्रदेश में मूसलाधार बारिश होने तथा बिजली गिरने का पूर्वानुमान लगाया गया है।
16 सितंबर को अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय के कुछ हिस्सों में गरज के साथ भारी बारिश तथा वज्रपात होने की आशंका जताई गई है।
मौसम विभाग ने अगले 5 दिनों के दौरान भारत के दक्षिणी प्रायद्वीप में बारिश की गतिविधि के कम होने का पूर्वानुमान लगाया है।
आज कहां गिरेगी बिजली तथा कहां पड़ेगी गरज के साथ बौछारें
आज उत्तराखंड, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पूर्वी राजस्थान, मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़, बिहार, ओडिशा, असम और मेघालय, गुजरात के अलग-अलग हिस्सों में गरज के साथ बौछारें पड़ने तथा बिजली गिरने की आशंका जताई गई है।
वहीं आज रायलसीमा, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम आंतरिक कर्नाटक, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल के अलग-अलग हिस्सों में वज्रपात होने तथा तेज हवाओं के साथ बौछारें पड़ने का अनुमान है।
मछुआरों को समुद्र से दूर रहने की चेतावनी
आज दक्षिण गुजरात, उत्तरी महाराष्ट्र तट, उत्तर पूर्व अरब सागर और पूर्व-मध्य अरब सागर में 40 से 45 किमी प्रति घंटे की दर से चलने वाली तूफानी हवाओं के और तेज होकर 55 किमी प्रति घंटे की दर तक पहुंचने के आसार हैं।
वहीं आज सोमालिया तट, दक्षिण-पश्चिम और इससे सटे पश्चिम-मध्य अरब सागर में 45 से 55 किमी प्रति घंटे की गति से चलने वाली तेज हवाओं के और तेज होकर 65 किमी प्रति घंटे की रफ्तार में तब्दील होने की आशंका है।
उपरोक्त मौसम संबंधी गतिविधि को देखते हुए मौसम विभाग ने मछुआरों को इन इलाकों में मछली पकड़ने तथा किसी तरह के व्यापार से संबंधित काम के लिए न जाने की चेतावनी जारी की है।