मॉनसून अपडेट:अगले 5 दिनों तक इन राज्यों में गरज के साथ बादलों के जमकर बरसने के आसार
आज उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम तथा अरुणाचल प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों तथा बिहार में भारी से बहुत भारी वर्षा होने की आशंका जताई गई है
On: Wednesday 31 August 2022
मौसम विभाग के अनुसार मॉनसून की ट्रफ हिमालय की तलहटी के करीब समुद्र के स्तर पर अभी भी जारी है। वहीं तमिलनाडु और इसके निकटवर्ती इलाकों के मध्य और आंतरिक स्तरों पर एक चक्रवाती प्रसार बना हुआ है।
एक ट्रफ रेखा उपरोक्त चक्रवाती प्रसार से आंतरिक तमिलनाडु और इससे सटे इलाकों के निचले स्तरों में पश्चिमी विदर्भ तक जाती है।
उपरोक्त मौसम संबंधी गतिविधियों को देखते हुए मौसम विभाग ने आज 31 अगस्त को उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम तथा अरुणाचल प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों तथा बिहार में भारी से बहुत भारी वर्षा होने की आशंका जताई है।
वहीं आज असम और मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा, कर्नाटक, केरल और माहे, लक्षद्वीप, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल के अलग-अलग हिस्सों में जमकर बरसेंगे बादल।
अगले 5 दिनों के दौरान नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा, अरुणाचल प्रदेश और असम तथा मेघालय के अलग-अलग हिस्सों में बिजली गिरने तथा गरज के साथ हल्की से भारी वर्षा होने के आसार हैं।
वहीं 01 से 04 सितंबर के दौरान अरुणाचल प्रदेश और 02 से 04 सितंबर के दौरान असम और मेघालय में भी मूसलाधार बारिश होने का पूर्वानुमान है।
31 अगस्त यानी आज से 04 सितंबर के दौरान बिहार में और अगले 5 दिनों के दौरान उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम के अलग-अलग हिस्सों में गरज के साथ हल्की से भारी बारिश होने तथा बिजली गिरने की आशंका है।
वहीं 03 और 04 सितंबर को हिमाचल प्रदेश में और 01, 02 और 04 सितंबर को उत्तराखंड के अलग-अलग हिस्सों में वज्रपात होने तथा गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान लगाया गया है।
31 अगस्त से 02 सितंबर के दौरान तटीय और उत्तरी आंतरिक कर्नाटक, 01 और 02 सितंबर को लक्षद्वीप और अगले 5 दिनों के दौरान तमिलनाडु, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक तथा केरल और माहे में भी मूसलाधार बारिश होने तथा बिजली गिरने के आसार हैं।
आज कहां पड़ेगी गरज के साथ बौछारें तथा कहां होगा वज्रपात
आज पूर्वी उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और सिक्किम, ओडिशा, असम और मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा के अलग-अलग हिस्सों में वज्रपात होने तथा गरज के साथ बौछारें पड़ने के आसार हैं।
वहीं आज मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, कोंकण, गोवा, तेलंगाना, रायलसीमा, तटीय आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल, केरल और माहे और लक्षद्वीप के के अलग-अलग इलाकों में तेज हवाओं के साथ बौछारें पड़ने तथा बिजली गिरने की आशंका है।
समुद्र से दूर रहने की चेतावनी
आज केरल तट, लक्षद्वीप क्षेत्र और मालदीव, दक्षिण-पूर्व अरब सागर से सटे, दक्षिण-पश्चिम और इससे सटे दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी में 40 से 45 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तूफानी हवाओं के और तेज होकर से 55 किमी प्रति घंटे की रफ्तार में तब्दील होने के आसार हैं।
वहीं आज दक्षिण-पश्चिम अरब सागर और इससे सटे पश्चिम-मध्य, सोमालिया तट के साथ-साथ, दक्षिण कोमोरिन क्षेत्र में 45 से 55 किमी प्रति घंटे की गति से चलने वाली तेज हवाओं के और तेज होकर 65 किमी प्रति घंटे की गति तक पहुंचने की आशंका जताई गई है।
मौसम संबंधी उपरोक्त गतिविधि को देखते हुए मौसम विभाग ने मछुआरों को इन इलाकों में मछली पकड़ने तथा किसी तरह के व्यापार से संबंधित काम के लिए न जाने का सुझाव दिया है।