मानसून अपडेट: गुजरात, गोवा और उत्तराखंड सहित इन हिस्सों में मूसलाधार बारिश के आसार

11 सितंबर से ओडिशा और तटीय आंध्र प्रदेश में बारिश के तेज होने का अनुमान लगाया गया है।

By Dayanidhi

On: Wednesday 08 September 2021
 
फोटो : विकिमीडिया कॉमन्स

मौसम विभाग ने कहा है कि दक्षिण-पूर्व मध्य प्रदेश और उत्तरी विदर्भ के आस-पास के हिस्सों में कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इससे संबंधित चक्रवाती प्रसार मध्य ट्रोपोस्फेरिक स्तर तक फैला हुआ है। वहीं अगले 4 से 5 दिनों के दौरान कम दबाव के क्षेत्र के पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने की संभावना है।

मानसून ट्रफ अपनी सामान्य स्थिति से दक्षिण में स्थित है। अगले 4 से 5 दिनों के दौरान इसके सामान्य स्थिति से दक्षिण में ही बने रहने की संभावना है। 11 सितंबर के आसपास उत्तर और उससे सटे मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक कम दबाव का क्षेत्र बनने का अनुमान है।

मौसम विभाग ने कहा है कि उपरोक्त मौसम संबंधी गतिविधियों के चलते 08 सितंबर यानी आज गुजरात के कुछ हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश होने का अनुमान है। वहीं मध्य महाराष्ट्र, कोंकण और गोवा, घाट के इलाकों में, उत्तराखंड, पंजाब में अत्यधिक भारी वर्षा होने के आसार हैं।

वहीं आज जम्मू, हिमाचल प्रदेश, उत्तरी हरियाणा, पूर्वी राजस्थान, पश्चिम मध्य प्रदेश, विदर्भ, बिहार, मराठवाड़ा और तटीय कर्नाटक में कुछ जगहों पर भारी वर्षा हो सकती है। 08 से 11 सितंबर के दौरान मध्य महाराष्ट्र, कोंकण, गुजरात में भारी से बहुत भारी वर्षा होने के आसार हैं। 08 से 09 सितंबर के दौरान गुजरात में मूसलाधार बारिश होगी।

11 सितंबर तक उत्तर पश्चिम भारत के अधिकांश हिस्सों में जमकर बरसेंगे बादल और इन हिस्सों में बारिश की गतिविधि के दौर के जारी रहने की संभावना है। 08 सितंबर को पंजाब में अलग-अलग स्थानों पर बहुत भारी वर्षा होने की भी संभावना है। 09 और 10 सितंबर को हिमाचल प्रदेश और पूर्वी राजस्थान 08 से 11 सितंबर के दौरान उत्तराखंड ओर 10 सितंबर को हरियाणा में जमकर बरसेंगे मानसूनी मेघ।

11 सितंबर से ओडिशा और तटीय आंध्र प्रदेश में बारिश के तेज होने का अनुमान लगाया गया है।

Source : IMD

आज कहां पड़ेगी गरज के साथ बौछारें, कहां गिरेगी बिजली और कहां चलेगी तेज हवाएं
आज 08 सितंबर को मध्य प्रदेश, विदर्भ, झारखंड, पश्चिम बंगाल में गंगा के तटीय इलाकों, गुजरात, केरल और माहे में अलग-अलग जगहों पर तेज हवा चलने, बिजली गिरने तथा गरज के साथ बौछारें पड़ने का अनुमान है।

समुद्र से दूर रहने की चेतावनी
आज दक्षिण पश्चिम और पश्चिम मध्य अरब सागर में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की दर से चलने वाली तेज हवाओं के और तेज होकर 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार  में तब्दील होने के आसार हैं। गुजरात से लेकर महाराष्ट्र के तटों के साथ-साथ पूर्वोत्तर और आस-पास के पूर्व-मध्य अरब सागर में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तेज हवाओं के और तेज होकर 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार तक पहुंचने की आशंका है। मौसम विभाग ने मछुआरों को चेतावनी दी है कि इन इलाकों में मछली पकड़ने तथा किसी तरह के व्यापार से संबंधित काम के लिए न जाएं।

कल कहां हुई बारिश और कहां पड़ी गरज के साथ बौछारें
कल, 07 सितंबर को 8:30 से 5:30 के दौरान झारखंड, पश्चिम बंगाल में गंगा के तटीय इलाकों, गुजरात, कोंकण और गोवा, तटीय कर्नाटक के अधिकांश स्थानों पर, पूर्वी मध्य प्रदेश, बिहार, ओडिशा, छत्तीसगढ़, मध्य महाराष्ट्र, विदर्भ, मराठवाड़ा और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में कई स्थानों पर बारिश हुई या गरज के साथ बौछारें पड़ी।

वहीं बीते कल हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पूर्वी उत्तर प्रदेश, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम, तेलंगाना, उत्तर आंतरिक कर्नाटक, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह और लक्षद्वीप में कुछ स्थानों पर, जम्मू और कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद में अलग-अलग स्थानों पर, पश्चिम उत्तर प्रदेश, असम और मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा, पश्चिम मध्य प्रदेश, राजस्थान, रायलसीमा और तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में बादल बरसे या गरज के साथ बौछारें पड़ी।

कल कहां हुई भारी बारिश
कल 07 सितंबर को 8:30 से 5:30 के दौरान तेलंगाना और गुजरात के अलग-अलग हिस्सों में भारी बारिश दर्ज की गई।

कल कहां कितनी वर्षा दर्ज की गई
कल 07 सितंबर को 8:30 से 5:30 के दौरान तेलंगाना के निजामाबाद में 10 सेमी,  गुजरात के सूरत में 8 सेमी, दमन और परभणी प्रत्येक जगह 6 सेमी, कैलाशहर में 5 सेमी, सिवनी में 4 सेमी, बांकुरा, डायमंड हार्बर, बालासोर, नागपुर सोनेगांव, पोरबंदर, रत्नागिरी, बाजपे, कोलकाता (अलीपुर), बारीपदा और शिराली प्रत्येक जगह 3 सेमी बारिश दर्ज की गई।

कल जम्मू और कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद, हिमाचल प्रदेश, पश्चिम राजस्थान, पूर्वी मध्य प्रदेश, मराठवाड़ा, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम, पश्चिम बंगाल में गंगा के तटीय इलाकों में गरज के साथ बौछारें पड़ी, इन जगहों पर, आज 5:30 बजे के दौरान मौसम की इसी तरह की गतिविधि के आसार हैं।

कल कहां दर्ज किया गया सबसे अधिक तापमान
कल 07 सितंबर को जैसलमेर (पश्चिम राजस्थान) में अधिकतम तापमान 41.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

कल कहां दर्ज किया गया सबसे कम तापमान
देश के मैदानी इलाकों में खरगोन (पश्चिम मध्य प्रदेश) में न्यूनतम तापमान 19.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

Subscribe to our daily hindi newsletter