मॉनसून अपडेट: ओडिशा, केरल, हिमाचल और उत्तराखंड समेत इन राज्यों में होगी मूसलाधार बारिश

अगले 24 घंटों के दौरान दक्षिण-पश्चिम राजस्थान में 20 से 30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तेज सतही हवाओं के 40 किमी प्रति घंटे तक की रफ्तार में तब्दील होने के आसार हैं।

By Dayanidhi

On: Wednesday 24 August 2022
 

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार दक्षिण-पश्चिम राजस्थान और इससे सटे इलाकों में एक कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इससे जुड़ा चक्रवाती प्रसार समुद्र तल से 7.6 किमी ऊपर तक फैला हुआ है, जो ऊंचाई के साथ दक्षिण की ओर झुका हुआ है।

मॉनसून ट्रफ का पश्चिमी छोर अपनी सामान्य स्थिति के दक्षिण में है और पूर्वी छोर अपनी सामान्य स्थिति के नजदीक है। वहीं एक चक्रवाती प्रसार बंगाल की उत्तरी खाड़ी और इसके निकटवर्ती इलाकों के मध्य स्तरों तक फैल गया है।

मौसम विभाग ने उपरोक्त मौसम संबंधी गतिविधियों को देखते हुए आज 24 अगस्त को ओडिशा, केरल और माहे के अलग-अलग हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की आशंका जताई है

वहीं आज जम्मू और कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पूर्वी उत्तर प्रदेश, पश्चिम राजस्थान, झारखंड के अलग-अलग हिस्सों में बादलों के जमकर बरसने का पूर्वानुमान है।

आज पश्चिम बंगाल में गंगा के तटीय इलाकों, असम और मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा, आंतरिक कर्नाटक और तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में मूसलाधार बारिश होने के आसार हैं।

वहीं 26 और 27 अगस्त को उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम के अलग-अलग हिस्सों में गरज के साथ हल्की से भारी बारिश होने तथा बिजली गिरने की आशंका है।

इसी दौरान अरुणाचल प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में वज्रपात होने, गरज के साथ हल्की से भारी वर्षा होने के आसार हैं।

अगले 5 दिनों के दौरान असम और मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में बिजली गिरने के साथ बादलों के जमकर बरसने का पूर्वानुमान है।

आज कहां गिरगी बिजली और कहां पड़ेगी गरज के साथ बौछारें
आज जम्मू और कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, पूर्वी उत्तर प्रदेश में बिजली गिरने तथा गरज के साथ बौछारें पड़ने के आसार हैं।

वहीं आज पश्चिम राजस्थान, विदर्भ, छत्तीसगढ़, झारखंड, पश्चिम बंगाल में गंगा के तटीय इलाकों, असम और मेघालय के अलग-अलग हिस्सों में तेज हवाओं के साथ बौछारें पड़ने तथा बिजली गिरने की आशंका है।

आज नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम, तेलंगाना, आंतरिक कर्नाटक, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल, केरल और माहे तथा लक्षद्वीप में वज्रपात तथा गरज के साथ बौछारें पड़ने का पूर्वानुमान है।

तूफानी हवाओं के आसार
अगले 24 घंटों के दौरान दक्षिण-पश्चिम राजस्थान में 20 से 30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तेज सतही हवाओं के 40 किमी प्रति घंटे तक की रफ्तार में तब्दील होने के आसार हैं।

Source : IMD

मछुआरों को समुद्र से दूर रहने की चेतावनी
आज गुजरात के तट और उससे सटे पूर्वोत्तर अरब सागर, कर्नाटक और केरल के तटों, लक्षद्वीप क्षेत्र, मालदीव और आसपास के कोमोरिन क्षेत्र, दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी से सटे दक्षिण-पूर्व में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली हवाओं के और तेज होकर 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार में तब्दील होने की आशंका है।

वहीं आज पश्चिम-मध्य और आसपास के दक्षिण-पश्चिम और उत्तर-पश्चिम अरब सागर, पूर्व-मध्य अरब सागर, उत्तर-पूर्व अरब सागर से सटे, सोमालिया तट के साथ-साथ कोमोरिन क्षेत्र, मन्नार की खाड़ी, दक्षिण श्रीलंका तट से दूर बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पश्चिम में 45 से 55 किमी प्रति घंटे की गति से चलने वाली तेज हवाओं के और तेज होकर 65 किमी प्रति घंटे की गति तक पहुंचने के आसार हैं।

उपरोक्त मौसम संबंधी गतिविधि को देखते हुए मौसम विभाग ने मछुआरों को इन इलाकों में मछली पकड़ने तथा किसी तरह के व्यापार से संबंधित काम के लिए न जाने की चेतावनी जारी की है।

Subscribe to our daily hindi newsletter