मॉनसून अपडेट: मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और गुजरात सहित इन राज्यों में मूसलाधार बारिश का दौर जारी

आज उत्तरी आंध्र प्रदेश और ओडिशा के तटों पर 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तूफानी हवाओं के और तेज होकर 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार में तब्दील होने के आसार हैं।

By Dayanidhi

On: Tuesday 13 September 2022
 

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार कम दबाव का क्षेत्र अब मध्य प्रदेश के मध्य भागों में बना हुआ है और इससे संबंधित चक्रवाती प्रसार मध्य स्तरों तक फैला हुआ है। इसके अगले 24 घंटों के दौरान मध्य प्रदेश के लगभग उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने का पूर्वानुमान है।

मॉनसून ट्रफ का पश्चिमी छोर अपनी सामान्य स्थिति के दक्षिण में और पूर्वी छोर अपनी सामान्य स्थिति के निकट बनी हुई है। इसके अगले 2 से 3 दिनों तक ऐसे ही रहने का अनुमान है।

पूर्व मध्य अरब सागर के ऊपर बना एक चक्रवाती प्रसार दक्षिण महाराष्ट्र-गोवा तटों के मध्य स्तरों तक फैला हुआ है।

एक ट्रफ रेखा उपरोक्त चक्रवाती प्रसार से होकर बांग्लादेश के मध्य भागों से होते हुए मध्य प्रदेश के मध्य भागों के निचले स्तरों से एक कम दबाव के क्षेत्र तक जाती है।

मौसम विभाग ने उपरोक्त मौसम संबंधी गतिविधियों को देखते हुए आज आज 13 सितंबर को मध्य प्रदेश, गुजरात, मध्य महाराष्ट्र के घाट क्षेत्रों और कोंकण और गोवा के अलग-अलग हिस्सों में भारी से बहुत भारी वर्षा होने के आसार जताए हैं

वहीं आज उत्तराखंड, दक्षिण-पूर्व उत्तर प्रदेश, पूर्वी राजस्थान, विदर्भ, छत्तीसगढ़, बिहार के अलग-अलग हिस्सों में मूसलाधार बारिश होने का पूर्वानुमान है।

आज झारखंड, पश्चिम बंगाल और सिक्किम, ओडिशा, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा, सौराष्ट्र और कच्छ, तटीय कर्नाटक और तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में बादलों के जमकर बरसने का अनुमान है।

13 और 14 सितंबर को बिहार, झारखंड, सौराष्ट्र और कच्छ, पश्चिम बंगाल और ओडिशा तथा अगले 5 दिनों के दौरान मध्य प्रदेश, गुजरात, मध्य महाराष्ट्र तथा कोंकण और गोवा में जमकर बरसेंगे बदरा और गिरेगी बिजली।

वहीं 13 से 15 सितंबर के दौरान पश्चिम मध्य प्रदेश और मध्य महाराष्ट्र के घाट क्षेत्रों में और अगले 5 दिनों के दौरान कोंकण और गोवा में मूसलाधार बारिश होने तथा वज्रपात के आसार हैं।

13 से 15 सितंबर के दौरान पूर्वी राजस्थान में और अगले 5 दिनों के दौरान उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में गरज के साथ हल्की से भारी बारिश होने तथा बिजली गिरने की आशंका है।

14 सितंबर को पूर्वी राजस्थान में भी बहुत भारी वर्षा होने का अनुमान है, 14 से 17 सितंबर के दौरान उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में वज्रपात होने तथा मूसलाधार बारिश होने के आसार हैं।

आज कहां गिरेगी बिजली तथा कहां पड़ेगी गरज के साथ बौछारें
आज तेलंगाना, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और सिक्किम के अलग-अलग हिस्सों में बिजली गिरने तथा 30 से 40 किमी प्रति घंटे तक की गति से चलने वाली तूफानी हवाओं के साथ बौछारें पड़ने की आशंका है।

वहीं आज नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा, गुजरात, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, उत्तर आंतरिक कर्नाटक, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल तथा  केरल और माहे में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली हवाओं के साथ बौछारें पड़ने तथा बिजली गिरने के आसार हैं

तूफानी हवाओं की चेतावनी
आज यानी 13 सितंबर को उत्तरी आंध्र प्रदेश और ओडिशा के तटों पर 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तूफानी हवाओं के और तेज होकर 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार में तब्दील होने के आसार हैं।

Source : IMD

मछुआरों को समुद्र से दूर रहने की चेतावनी
आज कर्नाटक, गोवा, दक्षिण महाराष्ट्र के तटों, पूर्व-मध्य अरब सागर से सटे ओडिशा के साथ-साथ, बंगाल की उत्तर-पश्चिम की खाड़ी के साथ-साथ  पश्चिम बंगाल के तट पर 40 से 45 किमी प्रति घंटे की दर से चलने वाली तेज हवाओं के और तेज होकर 55 किमी प्रति घंटे की दर तक चलने का पूर्वानुमान है।

वहीं आज दक्षिण-पश्चिम और आसपास के पश्चिम-मध्य अरब सागर, सोमालिया तट उससे सटे, पूर्व-मध्य अरब सागर के उत्तर पूर्वी हिस्से, दक्षिण गुजरात तट से उत्तर-पूर्व अरब सागर के दक्षिणी भागों से सटे मन्नार की खाड़ी, तमिलनाडु, दक्षिण तटीय आंध्र प्रदेश, पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में 45 से 55 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तेज हवाओं के तूफानी हवाओं की गति में बदलकर 65 किमी प्रति घंटे की गति तक पहुंचने की आशंका है।

उपरोक्त मौसम संबंधी गतिविधि को देखते हुए मौसम विभाग ने मछुआरों को इन इलाकों में मछली पकड़ने तथा किसी तरह के व्यापार से संबंधित काम के लिए न जाने की चेतावनी जारी की है।

Subscribe to our daily hindi newsletter