मॉनसून अपडेट: आज कहां होगी मूसलाधार बारिश और कहां गिरेगी बिजली, यहां जानें

अगले 5 दिनों के दौरान नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा, अरुणाचल प्रदेश और असम तथा मेघालय के अलग-अलग हिस्सों में गरज के साथ हल्की से मध्यम वर्षा होने तथा वज्रपात की आशंका है

By Dayanidhi

On: Thursday 01 September 2022
 

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार समुद्र तल पर मॉनसून की ट्रफ अपनी सामान्य स्थिति से उत्तर की ओर बढ़ रही है।

वहीं एक चक्रवाती प्रसार दक्षिण तमिलनाडु और इससे सटे इलाकों के निचले स्तरों पर बना हुआ है।

एक ट्रफ रेखा उपरोक्त चक्रवाती प्रसार से दक्षिण तमिलनाडु और इसके आस-पास के इलाकों से मध्य प्रदेश के निचले स्तरों तक जा रही है।

मौसम विभाग ने उपरोक्त मौसम संबंधी गतिविधियों को देखते हुए आज 01 सितंबर को उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, केरल और माहे, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल के अलग-अलग हिस्सों में भारी से बहुत भारी वर्षा होने का अनुमान लगाया है।  

वहीं आज मध्य प्रदेश, बिहार, अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा, मध्य महाराष्ट्र, कोंकण और गोवा, गुजरात, तटीय और उत्तर आंतरिक कर्नाटक तथा लक्षद्वीप में मूसलाधार बारिश होने के आसार हैं।

अगले 5 दिनों के दौरान नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा, अरुणाचल प्रदेश और असम तथा  मेघालय के अलग-अलग हिस्सों में गरज के साथ हल्की से मध्यम वर्षा होने तथा वज्रपात की आशंका है।

01 से 03 सितंबर के दौरान उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में बहुत भारी वर्षा होने के आसार हैं।

अगले 2 दिनों के दौरान पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र के अलग-अलग हिस्सों में बिजली गिरने तथा हल्की से मध्यम वर्षा होने बाद के 2 दिनों के दौरान भारी बारिश होने का अनुमान है।

वहीं 04 सितंबर को जम्मू और कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के अलग-अलग हिस्सों में गरज के साथ भारी बारिश होने तथा बिजली गिरने की आशंका जताई गई है।

अगले 5 दिनों के दौरान तमिलनाडु, केरल और माहे और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में भी बादलों के जमकर बरसने के आसार हैं।

आज कहां गिरेगी बिजली तथा कहां पड़ेगी गरज के साथ बौछारें
आज उत्तराखंड, पूर्वी उत्तर प्रदेश, पूर्वी राजस्थान, मध्य प्रदेश, विदर्भ, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और सिक्किम, ओडिशा, अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय के अलग-अलग हिस्सों में बिजली गिरने तथा तेज हवाओं के साथ बौछारें पड़ने का पूर्वानुमान है।  

वहीं आज मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, कोंकण और गोवा  गुजरात, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम, रायलसीमा, कर्नाटक, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल, केरल और माहे तथा लक्षद्वीप में गरज के साथ बौछारें पड़ने तथा बिजली गिरने की आशंका जताई गई है

Source : IMD

मछुआरों को समुद्र से दूर रहने की चेतावनी
आज केरल और कर्नाटक तटों, लक्षद्वीप क्षेत्र, मालदीव, दक्षिण-पूर्व अरब सागर से सटे, कोमोरिन क्षेत्र, दक्षिण-पश्चिम और इससे सटे दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी में 40 से 45 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली हवाओं के 55 किमी प्रति घंटे की रफ्तार में तब्दील होने के आसार हैं।

वहीं आज दक्षिण-पश्चिम अरब सागर और उससे सटे पश्चिम-मध्य में, सोमालिया तट के साथ-साथ, दक्षिण कोमोरिन क्षेत्र, दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के दक्षिण में 45 से 55 किमी प्रति घंटे की दर से चलने वाली तूफानी हवाओं के और तेज होकर 65 किमी प्रति की दर तक पहुंचने की आशंका जताई गई है।

उपरोक्त मौसम संबंधी गतिविधि को देखते हुए मौसम विभाग ने मछुआरों को इन इलाकों में मछली पकड़ने तथा किसी तरह के व्यापार से संबंधित काम के लिए न जाने की चेतावनी जारी की है।

Subscribe to our daily hindi newsletter