ओडिशा, असम-मेघालय, नागालैंड, मणिपुर में 204 मिमी तक बारिश, इन हिस्सों में बादलों का डेरा

आज, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल और सिक्किम, झारखंड, अरुणाचल प्रदेश तथा सौराष्ट्र और कच्छ समेत इन राज्यों में मूसलाधार बारिश होने का अनुमान है

By Dayanidhi

On: Wednesday 20 September 2023
 
फोटो साभार: विकिमीडिया कॉमन्स

मौसम विभाग के मुताबिक, पश्चिम बंगाल से लेकर ओडिशा के तटों के पास उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी पर बना कम दबाव का क्षेत्र, अब उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी और निकटवर्ती पश्चिम बंगाल और उत्तरी ओडिशा के तटों पर बन गया है।

इससे संबंधित चक्रवाती प्रसार ऊंचाई के साथ दक्षिण-पश्चिम की ओर झुकते हुए समुद्र तल से औसतन 7.6 किमी ऊपर तक फैला हुआ है। इसके अगले दो दिनों के दौरान उत्तरी ओडिशा और दक्षिणी झारखंड के पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने का पूर्वानुमान है।

वहीं, एक चक्रवाती प्रसार दक्षिण पश्चिम राजस्थान पर जारी है और यह मध्य स्तरों तक फैला हुआ है।

मॉनसून ट्रफ अपनी सामान्य स्थिति के दक्षिण में है और जैसलमेर, कोटा, गुना, सिद्धि, डाल्टनगंज और उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी से सटे पश्चिम बंगाल तथा उत्तरी ओडिशा तटों पर कम दबाव के क्षेत्र के केंद्र से होकर गुजर रही है। मॉनसून ट्रफ वहां से दक्षिण-पूर्व की ओर बंगाल की पूर्व-मध्य खाड़ी तक अग्रसर है।

उपरोक्त कम दबाव, चक्रवाती प्रसार और मॉनसून ट्रफ की गतिविधि को देखते हुए, मौसम विभाग ने आज, 20 सितंबर को ओडिशा, असम और मेघालय, नागालैंड, मणिपुर के अलग-अलग इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की आशंका व्यक्त की है, यानी इन हिस्सों में 115.6 मिलीमीटर से 204.4 मिलीमीटर तक बारिश होने का अनुमान है।

मौसम विभाग ने देश के कई इलाकों में बादल छाए रहने तथा आज, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल और सिक्किम, झारखंड, अरुणाचल प्रदेश, सौराष्ट्र और कच्छ, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम के अलग-अलग हिस्सों में मूसलाधार बारिश हो सकती है। इन राज्यों में 64.5 मिमी से 115.5 मिमी तक बारिश होने का पूर्वानुमान है।

Source : IMD

आज, कहां चलेंगी तेज हवाएं, कहां पड़ेगी गरज के साथ बौछारें तथा कहां गिरेगी बिजली?
मौसम विभाग के अनुसार, आज केरल और माहे के अलग-अलग हिस्सों में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की दर से चलने वाली हवाओं के साथ बारिश तथा बिजली गिरने की आशंका जताई गई है

वहीं आज, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल और सिक्किम, बिहार, झारखंड के अलग-अलग हिस्सों में बौछारें पड़ने तथा वज्रपात के आसार हैं।

आज, ओडिशा, असम और मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में बिजली गिरने तथा गरज के साथ बौछारें पड़ने का अनुमान है।

मछुआरों को समुद्र से दूर रहने की चेतावनी
आज, दक्षिण-पश्चिम और आसपास के पश्चिम-मध्य और पूर्व-मध्य अरब सागर में 45 से 55 किमी प्रति घंटे से लेकर 65 किमी प्रति घंटे की गति से तूफानी हवाएं चलने की आशंका है।

वहीं आज, गुजरात तट, पश्चिम-मध्य और उससे दूर पूर्वोत्तर अरब सागर के ऊपर, उत्तर पश्चिम बंगाल की खाड़ी के साथ-साथ ओडिशा और आंध्र प्रदेश के तटों पर 40 से 45 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तेज हवाओं के और तेज होकर 55 किमी प्रति घंटे की रफ्तार में तब्दील होने के आसार हैं।

मौसम विभाग ने उपरोक्त तूफानी हवाओं को देखते हुए मछुआरों को इन इलाकों में मछली पकड़ने तथा किसी तरह के व्यापार से संबंधित काम के लिए न जाने की चेतावनी जारी की है।

कहां रहा अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक?
कल, के. परमाथी (तमिलनाडु) में अधिकतम तापमान 38.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

कहां रहा न्यूनतम तापमान सामान्य से कम?
कल, देश के मैदानी इलाकों में रायसेन (पश्चिम मध्य प्रदेश) में न्यूनतम तापमान 16.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

कल कहां हुई बारिश और कहां पड़ी गरज के साथ बौछारें?
कल, 19 सितंबर को 8:30 से 5:30 के दौरान झारखंड, ओडिशा, गुजरात, तटीय और उत्तरी आंतरिक कर्नाटक के कई हिस्सों, असम और मेघालय, पंजाब, कोंकण और गोवा तथा दक्षिण आंतरिक कर्नाटक के कुछ हिस्सों में बादल बरसे या गरज के साथ बौछारें पड़ी।

वहीं कल, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा, पश्चिम बंगाल में गंगा के तटीय इलाकों, पूर्वी उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, राजस्थान, पश्चिम मध्य प्रदेश, मध्य महाराष्ट्र, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल के अलग-अलग हिस्सों में बारिश हुई या गरज के साथ बौछारें पड़ी।

कल कहां हुई एक सेमी या उससे अधिक बारिश?
कल, 19 सितंबर को 8:30 से 5:30 के दौरान असम और मेघालय के गुवाहाटी में 1 सेमी, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा के इंफाल और अगरतला प्रत्येक जगह 1 सेमी, ओडिशा के पुरी में 2 सेमी, भुवनेश्वर में 1 सेमी, पूर्वी उत्तर प्रदेश के कानपुर में 2 सेमी, लखनऊ में 1 सेमी, उत्तराखंड के मुक्तेश्वर में 1 सेमी, पश्चिम मध्य प्रदेश के खंडवा में 4 सेमी बारिश दर्ज की गई।

वहीं कल, गुजरात के सूरत में 2 सेमी, बुलसर, वल्लभ विद्या नगर और गांधीनगर प्रत्येक जगह 1 सेमी, सौराष्ट्र और कच्छ के भावनगर, सुरेंद्रनगर, राजकोट और दीव प्रत्येक जगह 1 सेमी, कोंकण और गोवा के हरनाई में 1 सेमी, मध्य महाराष्ट्र के महाबलेश्वर में 1सेमी, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक के होनावर और कुन्नूर प्रत्येक जगह 1 सेमी, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल के के. परमाथी में 2 सेमी बारिश हुई।

Subscribe to our daily hindi newsletter