उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, अरुणाचल, असम, मेघालय में भारी बारिश का अलर्ट

आज, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली, उत्तर प्रदेश तथा पूर्वी राजस्थान सहित इन राज्यों में तूफानी हवाओं के साथ बारिश और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है

By Dayanidhi

On: Tuesday 11 July 2023
 

मौसम विभाग के मौसम पूर्वानुमान बुलेटिन के मुताबिक, वर्तमान समय में मौसम संबंधी कई तरह की गतिविधियां जारी हैं, जिनमें से एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र पूर्वोत्तर राजस्थान और इससे सटे उत्तर-पश्चिमी मध्य प्रदेश पर बना हुआ है।

वहीं मॉनसून ट्रफ अपने पश्चिमी छोर से अपनी सामान्य स्थिति के दक्षिण में और पूर्वी छोर अपनी सामान्य स्थिति के उत्तर में सक्रिय है। पश्चिमी विक्षोभ मध्य और ऊपरी स्तरों में पच्छमी हवाओं में सक्रिय है जो उत्तरी पाकिस्तान से उत्तर-पूर्व अरब सागर तक चल रही हैं। एक ट्रफ समुद्र तल से दूर दक्षिण गुजरात तट से उत्तरी केरल तट तक चल रही है।

मौसम विभाग ने उपरोक्त मौसम संबंधी गतिविधि को देखते हुए, आज 11 जुलाई को उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय के अलग-अलग हिस्सों में भयंकर बारिश होने के आसार जताए हैं। आज इन राज्यों में 204.5 मिलीमीटर से अधिक बारिश होने की आशंका जताई गई है।

वहीं आज उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, पश्चिम मध्य प्रदेश, बिहार के अलग-अलग इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश होने का पूर्वानुमान है, यानी कि इन इलाकों में 115.6 मिलीमीटर से 204.4 मिलीमीटर तक बारिश हो सकती है।

आज हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली, पूर्वी राजस्थान, पूर्वी मध्य प्रदेश, ओडिशा, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा, कोंकण और गोवा, गुजरात, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम, तटीय कर्नाटक, केरल और माहे के अलग-अलग हिस्सों में जमकर बरसेंगे बादल, मौसम विभाग की मानें तो यहां 64.5 मिमी से 115.5 मिमी तक बारिश होने के आसार हैं।

कहां चलेंगी तेज हवाएं, कहां पड़ेगी गरज के साथ बौछारें तथा कहां गिरेगी बिजली?
आज, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पूर्वी राजस्थान, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, बिहार, झारखंड और ओडिशा में तूफानी हवाओं के साथ बारिश और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है

वहीं आज, अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा के अलग-अलग हिस्सों, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम, तेलंगाना, रायलसीमा, तटीय कर्नाटक, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक और तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में तेज हवाओं के साथ बिजली गिरने तथा बौछारें पड़ने के आसार हैं।

समुद्र से दूर रहने की चेतावनी
मौसम विभाग के मुताबिक, पश्चिम मध्य और दक्षिण-पश्चिम अरब सागर में 45 से 55 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तूफानी हवाओं के और तेज होकर 65 किमी प्रति घंटे की रफ्तार में तब्दील होने के आसार हैं।

वहीं आज, दक्षिण-पश्चिम और निकटवर्ती पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी, आंध्र प्रदेश के तट और मन्नार की खाड़ी में 40 से 45 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तेज हवाओं के 50 किमी प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है। 

मौसम विभाग ने उपरोक्त तूफानी हवाओं को देखते हुए मछुआरों को इन इलाकों में मछली पकड़ने तथा किसी तरह के व्यापार से संबंधित काम के लिए न जाने की चेतावनी जारी की है।

Source : IMD

कल कहां हुई बारिश और कहां पड़ी गरज के साथ बौछारें?
कल, 10 जुलाई को 8:30 से 5:30 के दौरान हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली, पूर्वी राजस्थान, तटीय कर्नाटक और नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा के अधिकांश हिस्सों, उत्तराखंड, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, कोंकण और गोवा, मध्य महाराष्ट्र और अरुणाचल प्रदेश के कई हिस्सों में बादल बरसे या गरज के साथ बौछारें पड़ी।

वहीं कल, पूर्वी उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, गुजरात, विदर्भ, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल, असम और मेघालय के कुछ हिस्सों, जम्मू और कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद, पश्चिम राजस्थान के अलग-अलग हिस्सों, छत्तीसगढ़, केरल और माहे, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम, ओडिशा तथा पश्चिम बंगाल में गंगा के तटीय इलाकों में बारिश हुई या गरज के साथ बौछारें पड़ी।

कल कहां हुई भारी बारिश?
कल,10 जुलाई को 8:30 से 5:30 के दौरान हिमाचल प्रदेश और हरियाणा के अलग-अलग हिस्सों में बहुत भारी बारिश दर्ज की गई।

कल कहां हुई एक सेमी या उससे अधिक बारिश?
कल, 10 जुलाई को 8:30 से 5:30 के दौरान अंबाला में 18 सेमी, नाहन में 15 सेमी, नारनौल, उदयपुर, डबोक और शिमला हर जगह 6 सेमी, मंडी, भिवानी,पटियाला,जयपुर प्रत्येक जगह 5 सेमी, बरेली, भीलवाड़ा, सुंदरनगर और सिलचर प्रत्येक जगह 4 सेमी, केशोद, जलगांव प्रत्येक जगह 3 सेमी बारिश दर्ज की गई।

कहां चली आंधी?
कल, 10 जुलाई को 8:30 से 5:30 के दौरान हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली, पूर्वी राजस्थान, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम, सौराष्ट्र और कच्छ, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पूर्वी उत्तर प्रदेश, ओडिशा, असम और मेघालय, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल के अलग-अलग हिस्सों में आंधी चली। मौसम संबंधी इसी तरह की गतिविधि के आज भी जारी रहने के आसार हैं।

कहां रहा अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक?
कल, मदुरै (तमिलनाडु) में अधिकतम तापमान 39.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

कहां रहा न्यूनतम तापमान सामान्य से कम?
कल, देश के मैदानी इलाकों में मलाजखंड (पूर्वी मध्य प्रदेश) में न्यूनतम तापमान 20.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

Subscribe to our daily hindi newsletter