अंतर्राष्ट्रीय प्रवासी दिवस 2023: दुनिया भर में हर आठ में से एक व्यक्ति है प्रवासी

दुनिया भर में एक अरब से अधिक लोग प्रवासी हैं, इनमें से, 28.1 करोड़ लोग अंतर्राष्ट्रीय प्रवासी हैं और 8.4 करोड़ जबरन विस्थापित हैं। जबरन विस्थापितों में 3.5 करोड़ बच्चे हैं।

By Dayanidhi

On: Monday 18 December 2023
 
फोटो साभार: विकिमीडिया कॉमन्स, एलेक्स एंडोर

प्रवासियों के सामाजिक-आर्थिक योगदान और उनके सामने आने वाली चुनौतियों को उजागर करने के लिए संयुक्त राष्ट्र महासभा द्वारा 18 दिसंबर को अंतर्राष्ट्रीय प्रवासी दिवस के रूप में मनाया जाता है। यह दिन दुनिया भर में मनाया जाता है, जिसमें 500 देश भाग लेते हैं। अंतर्राष्ट्रीय प्रवासी दिवस प्रवासी आबादी को प्रतिनिधित्व देने के बारे में है, जो दुनिया की कुल आबादी का लगभग 3.6 फीसदी है।

जलवायु परिवर्तन, प्राकृतिक आपदाएं, युद्ध और आंतरिक संघर्ष अक्सर लोगों को अपनी मातृभूमि को छोड़ने के लिए मजबूर करते हैं। संयुक्त राष्ट्र के अंतर्राष्ट्रीय प्रवासन संगठन के अनुसार, एक प्रवासी ऐसा व्यक्ति है जो अंतरराष्ट्रीय सीमा पार या अपने निवास स्थान से दूर यह अन्यत्र जा रहा है या चला गया है।

दुबई में हाल ही में संपन्न कॉप 28 शिखर सम्मेलन ने प्रवासियों पर जलवायु परिवर्तन के प्रभाव की फिर से चर्चा करने का अवसर प्रदान किया। युवाओं की भूमिका पर जोर देते हुए प्रवासियों, महिलाओं, विकलांग लोगों और समुदायों के साथ समान और समावेशी भागीदारी को बढ़ावा देना अब पहले से कहीं अधिक महत्वपूर्ण है।

विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के मई 2022 के आंकड़ों के मुताबिक, दुनिया भर में एक अरब से अधिक लोग प्रवासी हैं, जो दुनिया की जनसंख्या का लगभग आठ में से एक व्यक्ति है। इनमें से, 28.1 करोड़ लोग अंतर्राष्ट्रीय प्रवासी हैं और 8.4 करोड़ जबरन विस्थापित हैं। जबरन विस्थापितों में 3.5 करोड़ बच्चे हैं।

डब्ल्यूएचओ ने कहा है कि गरीबी, सुरक्षा की कमी, बुनियादी सेवाओं तक पहुंच की कमी, संघर्ष, पर्यावरणीय गिरावट और आपदाओं के कारण यात्रा करने वाले लोगों की संख्या के बढ़ने के आसार हैं।

प्रवासन किसी व्यक्ति की स्वास्थ्य की स्थिति में सुधार या कमी दोनों कर सकता है। भाषा और सांस्कृतिक अंतर, संस्थागत भेदभाव और स्वास्थ्य सेवाओं के प्रतिबंधित उपयोग सहित बाधाओं के कारण शरणार्थियों और प्रवासियों को अक्सर दूसरी जगहों पर जाने और गंतव्य देशों में खराब स्वास्थ्य का सामना करना पड़ता है।

अंतर्राष्ट्रीय प्रवासी दिवस का इतिहास

दो दशक से भी अधिक पहले, चार दिसंबर 2000 को, संयुक्त राष्ट्र महासभा ने 18 दिसंबर को अंतर्राष्ट्रीय प्रवासी दिवस के रूप में घोषित किया था। कथित तौर पर इस दिन को 1990 में संयुक्त राष्ट्र महासभा द्वारा सभी प्रवासी श्रमिकों और उनके परिवारों के सदस्यों के अधिकारों की सुरक्षा पर अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन को अपनाने के उपलक्ष्य में चुना था।

अंतर्राष्ट्रीय प्रवासी दिवस 2023 थीम

अंतर्राष्ट्रीय प्रवासी दिवस 2023 का विषय "सुरक्षित प्रवासन को बढ़ावा देना" है। इस विषय के साथ, संयुक्त राष्ट्र का उद्देश्य सभी प्रवासियों को उनकी कानूनी स्थिति की परवाह किए बिना मानवाधिकार देने और प्रवासी श्रमिकों के शोषण को अपराध मानने वाले कानूनों पर जोर देने के लिए विभिन्न देशों की प्रतिबद्धता को बढ़ावा देना है। थीम उन देशों का समर्थन करने के लिए भी निर्धारित है जो प्रवासियों को बचाते हैं, उनकी मेजबानी करते हैं या उन्हें रखते हैं।

Subscribe to our daily hindi newsletter