आपदाओं का वर्ष रहा 2021, निशाना बने हर रोज औसतन 2.8 लाख लोग

2021 में दुनिया में 435 विनाशकारी प्राकृतिक आपदाएं आई, जबकि पिछले 20 वर्षों में इनका औसत 357 घटनाएं प्रतिवर्ष था। अकेले भारत में 38 लाख लोग प्रभावित हुए

By Lalit Maurya

On: Monday 25 April 2022
 

यदि प्राकृतिक आपदाओं की बात करें तो वर्ष 2021 आपदाओं का वर्ष रहा।  जब उनकी संख्या सामान्य से 22 फीसदी दर्ज की गई। गौरतलब है कि 2021 में 435 विनाशकारी प्राकृतिक आपदाएं सामने आई थी, जबकि 2001 से 2020 के बीच इनका औसत 357 घटनाएं प्रतिवर्ष था। इसका मतलब 2021 में औसत से 78 घटनाएं ज्यादा दर्ज की गई थी। यह जानकारी इमरजेंसी इवेंट डेटाबेस (ईएम-डेट) में सामने आई हैं।

ईएम-डेट द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक 2021 में कुल 435 प्राकृतिक आपदाएं रिकॉर्ड की गई थी। जिसने भारत से लेकर अमेरिका तक सभी देशों में जनजीवन और अर्थव्यवस्था पर बुरा असर डाला था। पता चला है कि इन आपदाओं के चलते करीब 10.2 करोड़ लोग प्रभावित हुए थे।

यदि इस आंकड़ें को दैनिक आधार पर देखें तो यह करीब 278,904 बैठता है। मतलब इन आपदाओं के चलते हर रोज औसतन 29 लोगों की जान जा रही है जबकि 2.8 लाख इनसे प्रभावित हो रहे हैं। इन आपदाओं में बाढ़, सूखा, तूफान, भूकंप, दावाग्नि, भूस्खलन, चरम मौसम और ग्लेशियर झीलों के फटने जैसी घटनाएं शामिल थी।

वहीं 10,492 लोगों की जान गई थी। इतना ही नहीं इन आपदाओं के चलते 19.3 लाख करोड़ रुपए से ज्यादा का नुकसान हुआ था। हालांकि देखा जाए तो वास्तविक आंकड़ें इससे कहीं ज्यादा हो सकते हैं क्योंकि यह वो आंकड़े हैं जो ईएम-डेट ने रिकॉर्ड किए हैं लेकिन वैश्विक स्तर पर ऐसी बहुत सी प्राकृतिक आपदाएं हर रोज घटती रहती है जो रिकॉर्ड ही नहीं की जाती हैं।

इतना ही नहीं सूखा, बाढ़ जैसी घटनाओं से वैश्विक स्तर पर खाद्य सुरक्षा, स्वास्थ्य आदि को नुकसान पहुंचता है उसका अनुमान लगाना आसान नहीं है। गौरतलब है कि इससे पहले अंतराष्ट्रीय बीमा कंपनी म्यूनिख रे द्वारा जारी रिपोर्ट में भी इन आपदाओं में 20.7 लाख करोड़ रुपए से ज्यादा के आर्थिक नुकसान का अनुमान लगाया था।    

अमेरिका में दर्ज की गई 10 में से पांच सबसे महंगी प्राकृतिक आपदाएं

हालांकि इसके बावजूद जैसे-जैसे तकनीकी रूप से सुधार हो रहा है और इन आपदाओं के बारे में समय पर जानकारी मिलने लगी है उसके चलते इन आपदाओं से होने वाली मौतों में पहले की तुलना में गिरावट आई है। यह वजह है कि 2021 में इन आपदाओं के कारण होने वाली मौतों और प्रभावित हुए लोगों का आंकड़ा पिछले 20 वर्षों के औसत से कम था। लेकिन इसके बावजूद जिस तरह से जलवायु में बदलाव आ रहा है उसके चलते इन आपदाओं की संख्या में भी वृद्धि देखी गई है साथ ही इनसे होने वाले आर्थिक नुकसान में भी बढ़ोतरी हुई है।

यदि महाद्वीपों के आधार पर देखें तो इन आपदाओं का सबसे ज्यादा दंश एशिया को झेलना पड़ा था। पता चला है कि इनमें से करीब 40 फीसदी आपदाएं अकेले एशिया में दर्ज की गई थी। जबकि 49 फीसदी मौतें और कुल प्रभावित 10.2 करोड़ लोगों में से 66 फीसदी एशिया के ही थे। हालांकि अमेरिका को भी इन आपदाओं से कम नुकसान नहीं हुआ है। आंकड़ों के मुताबिक 2021 में जिन दस आपदाओं में सबसे ज्यादा आर्थिक नुकसान हुआ था उनमें से पांच अमेरिका में दर्ज की गई थी। इससे अमेरिकी अर्थव्यवस्था को करीब 8.6 लाख करोड़ रुपए का नुकसान हुआ था।

वहीं वैश्विक स्तर पर जो 435 प्राकृतिक आपदाएं 2021 में समाने आई थी, उनमें बाढ़ की घटनाएं सबसे ज्यादा थी, जिसकी कुल संख्या 223 दर्ज की गई थी। इसके साथ ही यह पिछले 20 वर्षों में औसतन हर वर्ष सामने आई बाढ़ की 163 घटनाओं से भी ज्यादा हैं।

इसी तरह जुलाई में चीन के हेनान प्रान्त में आई बाढ़ में भारी क्षति हुई थी, जिसमें करीब 352 लोगों की जान गई थी वहीं 1.45 करोड़ लोग प्रभावित हुए थे। इसके साथ ही इसमें करीब 1.3 लाख करोड़ रुपए का आर्थिक नुकसान हुआ था। इसी तरह जुलाई में अफगानिस्तान के नूरिस्तान में आई बाढ़ के चलते 260 लोगों की जान गई थी। जुलाई में, मध्य यूरोप में आई बाढ़ और उसके बाद भूस्खलन के कारण अकेले जर्मनी में तीन लाख करोड़ रुपए से ज्यादा का नुकसान हुआ था जोकि 2021 में आई दुनिया की दूसरी सबसे महंगी आपदा है।    

भारत में भी 38 लाख से ज्यादा लोग इन आपदाओं से हुए थे प्रभावित

भारत में भी इस दौरान बाढ़, तूफान, भूकंप, भूस्खलन और हिमनद झीलों में आने वाले बदलावों जैसी 19 आपदाएं रिकॉर्ड की गई थी। जिनमें चमोली में ग्लेशियर टूटने से लेकर बिहार, उत्तराखंड और तमिलनाडु में आने वाली बढ़ तक शामिल थी।

देश  इन आपदाओं में करीब 2,126 लोगों की जान गई थी, जबकि 38,33, 811 लोग प्रभावित हुए थे। वहीं अर्थव्यवस्था का करीब 60,000 करोड़ रुपए का नुकसान हुआ था। मानसून के दौरान भारत में आई बाढ़ की ऐसी ही घटनाओं में 1,282 लोगों की जान चली गई थी।

देखा जाए तो भले ही तकनीकी विकास के चलते साल दर साल इन आपदाओं से होने वाली मौतों में कमी आ रही है पर जैसे-जैसे जलवायु में बदलाव आ रहा है इन घटनाओं की संख्या में भी इजाफा हो रहा है और इनसे होने वाला नुकसान भी बढ़ रहा है।  

देखा जाए तो भले ही तकनीकी विकास के चलते साल दर साल इन आपदाओं से होने वाली मौतों में कमी आ रही है पर जैसे-जैसे जलवायु में बदलाव आ रहा है इन घटनाओं की संख्या में भी इजाफा हो रहा है और इनसे होने वाला नुकसान भी बढ़ रहा है। आंकड़ों से यह तो स्पष्ट है कि जलवायु परिवर्तन का असर अब खुलकर हमारे सामने आने लगा है, जिसके चलते मौसम से जुड़ी आपदाएं कहीं ज्यादा विनाशकारी रूप लेती जा रही हैं। ऐसे में जरुरी है कि हम इन आपदाओं के लिए पहले ही तैयार रहें। साथ ही वैश्विक तापमान में होती वृद्धि को कम करने के लिए जल्द से जल्द जरुरी कदम उठाएं।

Subscribe to our daily hindi newsletter