जम्मू-कश्मीर और हिमाचल में बारिश-बर्फबारी, कम दबाव के चलते तमिलनाडु में भारी वर्षा के आसार

अगले तीन दिनों के दौरान उत्तर पश्चिम भारत के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने का अनुमान है

By Dayanidhi

On: Wednesday 01 February 2023
 
फोटो साभार : विकिमीडिया कॉमन्स, मुर्रे फॉबिस्टर

मौसम विभाग के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ अब मध्य स्तरों में एक गर्त के रूप में सक्रिय है। इसके प्रभाव से जम्मू और कश्मीर, लद्दाख, गिलगित, बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद तथा हिमाचल प्रदेश में हल्की बारिश और बर्फबारी के जारी रहने का पूर्वानुमान है। वहीं अगले 24 घंटों के दौरान पश्चिमी मध्य प्रदेश में हल्की बारिश हो सकती है।

आज यानी एक फरवरी को उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में 20 से 30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज सतही हवाएं चलने की आशंका जताई गई है।

वहीं दो फरवरी, 2023 से एक नए पश्चिमी विक्षोभ के पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र के मौसम को प्रभावित करने के आसार हैं। इसके चलते दो से चार फरवरी के दौरान जम्मू और कश्मीर, लद्दाख, गिलगित, बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद तथा हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश और बर्फबारी होने का अनुमान है।

बंगाल की दक्षिण-पश्चिम खाड़ी पर बना दबाव पिछले 6 घंटों के दौरान 7 किमी प्रति घंटे की गति के साथ लगभग पश्चिम, दक्षिण-पश्चिम की ओर बढ़ गया है। आज, एक फरवरी को भारतीय समय के अनुसार सुबह 05:30 बजे उसी क्षेत्र पर बना हुआ था। यह ई, त्रिंकोमाली (श्रीलंका) से लगभग 110 किमी पूर्व-दक्षिण पूर्व और कराईकल (भारत) से 420 किमी दक्षिण-पूर्व में था। इसके पश्चिम-दक्षिण-पश्चिम की ओर बढ़ने और आज, यानी एक फरवरी की दोपहर को श्रीलंका तट को पार करने का अनुमान है।

उपरोक्त मौसम संबंधी गतिविधि को देखते हुए मौसम विभाग ने आज दक्षिण तमिलनाडु के कुछ हिस्सों में भारी बारिश होने की आशंका जताई है। वहीं आज तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल, केरल और माहे तथा लक्षद्वीप के अलग-अलग हिस्सों में बिजली कड़कने तथा गरज के साथ छींटे पड़ने का पूर्वानुमान है।

न्यूनतम तापमान में गिरावट देखें तो कल सौराष्ट्र और कच्छ के अलग-अलग हिस्सों में न्यूनतम तापमान सामान्य से -5.0 डिग्री सेल्सियस, यानी काफी नीचे रहा।

वहीं देश के अधिकतम तापमान में गिरावट की बात करें तो कल हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली के अधिकांश इलाकों में अधिकतम तापमान सामान्य से -5.1 डिग्री सेल्सियस या उससे कम दर्ज किया गया।

पश्चिमी राजस्थान के अलग-अलग हिस्सों, पश्चिम मध्य प्रदेश के कई इलाकों में अधिकतम तापमान सामान्य से -5.0 डिग्री सेल्सियस, काफी नीचे रहा।

वहीं पूर्वी राजस्थान और पूर्वी उत्तर प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक के अधिकांश इलाकों, गुजरात, रायलसीमा, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के कई इलाकों, सौराष्ट्र और कच्छ तथा मध्य महाराष्ट्र के अलग-अलग हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से -3.0 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के अनुसार दो फरवरी तक उत्तर पश्चिम भारत के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है और बाद के तीन दिनों के दौरान तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने का अनुमान है।

वहीं एक फरवरी यानी आज तक मध्य भारत के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, बाद के दो दिनों के दौरान तीन से पांच डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आने के आसार हैं। इसी दौरान पूर्वी भारत के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है और बाद के चार दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है।

अगले तीन दिनों के दौरान महाराष्ट्र के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने के आसार है, इसके बाद तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। दो फरवरी तक गुजरात में न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है और उसके बाद दो से तीन डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हो सकती है।

अगले तीन दिनों के दौरान पूर्वोत्तर भारत के अलग-अलग हिस्सों में हल्के से मध्यम कोहरा छाने की आशंका जाती गई है।

Source : IMD

समुद्र से दूर रहने की चेतावनी
मौसम विभाग ने बताया कि आज बंगाल की दक्षिण पश्चिम खाड़ी के साथ-साथ श्रीलंका के तट पर 45 से 55 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तूफानी हवाओं के और तेज होकर 65 किमी प्रति घंटे की रफ्तार में तब्दील होने के आसार हैं।

वहीं आज मन्नार की खाड़ी, कोमोरिन क्षेत्र, दक्षिण तमिलनाडु और कराईकल तटों पर 40 से 50 किमी प्रति घंटे की दर से चलने वाली हवाओं के और तेज होकर 60 किमी प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका है।

आज उत्तरी तमिलनाडु और पुडुचेरी के तटों पर 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तूफानी हवाओं के और तेज होकर 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार में तब्दील होने आसार हैं।

उपरोक्त मौसम संबंधी गतिविधि को देखते हुए मौसम विभाग ने मछुआरों को इन इलाकों में मछली पकड़ने तथा किसी तरह के व्यापार से संबंधित काम के लिए न जाने की चेतावनी जारी की है।

कल कहां हुई बारिश-बर्फबारी और कहां पड़ी गरज के साथ बौछारें?
कल, 31 जनवरी को 8:30 से 5:30 के दौरान जम्मू और कश्मीर, लद्दाख, गिलगित, बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद तथा हिमाचल प्रदेश में अलग-अलग हिस्सों में गरज के साथ बारिश हुई या बर्फ गिरी।

कहां रहा न्यूनतम तापमान सामान्य से कम?
कल, देश के मैदानी इलाकों में फलोदी (पश्चिम राजस्थान) में न्यूनतम तापमान 5.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

कहां रहा अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक?
कल, कोट्टायम (केरल) और मदुरै (तमिलनाडु) में अधिकतम तापमान 35.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

Subscribe to our daily hindi newsletter