मौसम अपडेट: उत्तर भारत में बढ़ी ठिठुरन, पंजाब व हरियाणा समेत कोहरे में लिपटे कई राज्य

25 और 26 दिसंबर को दक्षिण तटीय तमिलनाडु के कुछ हिस्सों में भारी बारिश होने की आशंका जताई गई है

By Dayanidhi

On: Friday 23 December 2022
 
फोटो साभार : विकिमीडिया कॉमन्स

मौसम विभाग के मुताबिक पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और उत्तर प्रदेश में अगले 24 घंटों के दौरान सुबह और शाम के समय बहुत घना कोहरा छाया रहेगा। वहीं अगले चार दिनों के दौरान पंजाब और हरियाणा और चंडीगढ़ के अलग-अलग इलाकों में कुछ कम होकर इसके घने कोहरे में तब्दील होने का अनुमान है।

अगले दो दिनों के दौरान सुबह और शाम के समय हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, उत्तरी राजस्थान, बिहार, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम तथा त्रिपुरा के अलग-अलग इलाकों में घना कोहरा छाने की आशंका जताई गई है।

मौसम विभाग ने कहा है कि उत्तर, पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में हिमालय से आने वाली शुष्क उत्तर, उत्तर-पश्चिमी हवाओं के कारण, 24 से 27 दिसंबर के दौरान पंजाब, हरियाणा और उत्तरी राजस्थान के अलग-अलग इलाकों में शीतलहर का प्रकोप जारी रहेगा

वहीं अगले 24 घंटों के दौरान पंजाब, हरियाणा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में भारी ठंड महसूस की जाएगी, पूर्वी उत्तर प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में भी ठिठुरन जारी रहेगी।

आज 23 दिसंबर को पंजाब, हरियाणा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में गंभीर शीतलहर चलने के आसार हैं। वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में शीतलहर बढ़ाएगी ठण्ड।

उत्तर भारत में न्यूनतम तापमान में कल आई गिरावट को देखें तो जम्मू और कश्मीर, लद्दाख, गिलगित, बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद और हिमाचल प्रदेश तथा उत्तर प्रदेश में न्यूनतम तापमान सामान्य से -3.0 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।

वहीं कल दक्षिण आंतरिक कर्नाटक के अधिकांश इलाकों, रायलसीमा के कुछ हिस्सों, पश्चिम बंगाल में गंगा के तटीय इलाकों, पश्चिम राजस्थान और बिहार के अलग-अलग हिस्सों में भी न्यूनतम तापमान सामान्य से -3.0 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा।

वहीं कल पंजाब के कई हिस्सों, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में अधिकतम तापमान सामान्य से -5.1 डिग्री सेल्सियस या उससे कम दर्ज किया गया। बिहार के कुछ हिस्सों, पश्चिमी राजस्थान के अलग-अलग हिस्सों, पश्चिम उत्तर प्रदेश, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम के कुछ इलाकों में अधिकतम तापमान सामान्य से -3.0 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा।

आज पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ के कुछ इलाकों में बहुत घना कोहरा छाने तथा दिल्ली, उत्तरी राजस्थान, उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, बिहार, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम तथा त्रिपुरा के अलग-अलग हिस्सों में घना कोहरा छाए रहने के आसार हैं।

मौसम विभाग के मुताबिक बंगाल की दक्षिण-पश्चिम खाड़ी पर कम दबाव पिछले छह घंटों के दौरान स्थिर बना हुआ है। यह आज 23 दिसंबर को भारतीय समय के अनुसार 05:30 बजे, बंगाल की दक्षिण-पश्चिम खाड़ी में त्रिंकोमाली (श्रीलंका) के पूर्व-उत्तर पूर्व में लगभग 370 किमी दूर बना रहा। नागपट्टिनम (तमिलनाडु) से 480 किमी पूर्व और चेन्नई (तमिलनाडु) से 540 किमी पूर्व-दक्षिण पूर्व में दर्ज किया गया। इसके अगले 48 घंटों के दौरान धीरे-धीरे पश्चिम-दक्षिण-पश्चिम की ओर श्रीलंका होते हुए कोमोरिन क्षेत्र की ओर बढ़ने का पूर्वानुमान है।

मौसम विभाग ने उपरोक्त मौसम संबंधी गतिविधि को देखते हुए 25 और 26 दिसंबर को दक्षिण तटीय तमिलनाडु के कुछ हिस्सों में भारी बारिश होने की आशंका जताई है, वहीं 26 दिसंबर को दक्षिण केरल और 27 दिसंबर को लक्षद्वीप में भी जमकर बरसेंगे बादल।

Source : IMD

मछुआरों को समुद्र से दूर रहने की चेतावनी
कम दबाव को देखते हुए आज तमिलनाडु-श्रीलंका के तटों के साथ-साथ दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में 45 से 55 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तूफानी हवाओं के और तेज होकर 65 किमी प्रति घंटे की रफ्तार में तब्दील होने की आशंका है। वहीं दक्षिण पूर्व और बंगाल की खाड़ी के पश्चिम मध्य के आस-पास के इलाकों में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की गति से चलने वाली तेज हवाओं के और तेज होकर 60 किमी प्रति घंटे की गति तक पहुंचने के आसार हैं।

उपरोक्त मौसम संबंधी गतिविधि को देखते हुए मौसम विभाग ने मछुआरों को इन इलाकों में मछली पकड़ने तथा किसी तरह के व्यापार से संबंधित काम के लिए न जाने की चेतावनी जारी की है।

कहां छाया कोहरा?
आज सुबह बिहार के अलग-अलग हिस्सों में बहुत घना कोहरा, पंजाब, चंडीगढ़, उत्तर-पश्चिम राजस्थान और पश्चिम उत्तर प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में घना कोहरा, जम्मू, हरियाणा, दिल्ली और त्रिपुरा के अलग-अलग इलाकों में मध्यम कोहरा और पूर्वी उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल में गंगा के अलग-अलग तटीय इलाकों में हल्का कोहरा देखा गया।

कहां रही दृश्यता 500 मीटर या उससे कम?
आज सुबह के समय पूर्णिया में दृश्यता 25 मीटर, पटियाला, चंडीगढ़, गंगानगर, चूरू और बरेली प्रत्येक जगह दृश्यता 50 मीटर, जम्मू, अमृतसर, हिसार, पालम (दिल्ली) और अगरतला प्रत्येक जगह दृश्यता 200 मीटर, बठिंडा में दृश्यता 400 मीटर, सफदरजंग (दिल्ली), बीकानेर, गोरखपुर, गया और कोलकाता प्रत्येक जगह दृश्यता 500 मीटर दर्ज की गई।

कल कहां हुई बारिश और कहां पड़ी गरज के साथ बौछारें?
कल, 22 दिसंबर को 8:30 से 5:30 के दौरान तमिलनाडु, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के अलग-अलग हिस्सों में बारिश हुए या गरज के साथ बौछारें पड़ी।

कल कहां हुई 1 सेमी या उससे अधिक बारिश?
कल, 22 दिसंबर को 8:30 से 5:30 के दौरान नन्कोव्री में 1 सेमी बारिश दर्ज की गई।

कहां महसूस हुई भीषण ठंड?
कल, पंजाब, हरियाणा और उत्तर-पश्चिम राजस्थान के अलग-अलग हिस्सों में पूरे दिन हाड़ कपाने वाली ठंड महसूस की गई।

कहां चली शीतलहर
कल, पंजाब के अलग-अलग हिस्सों में शीतलहर का प्रकोप जारी रहा।

कहां रहा न्यूनतम तापमान सामान्य से कम?
कल, देश के मैदानी इलाकों में बीकानेर (पश्चिम राजस्थान) में न्यूनतम तापमान 4.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

कहां रहा अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक?
कल, देश भर में होनावर (तटीय कर्नाटक) में अधिकतम तापमान 36.2 डिग्री दर्ज किया गया।

Subscribe to our daily hindi newsletter