मॉनसून अपडेट: आज राजस्थान और मध्य प्रदेश में गरज के साथ भयंकर बारिश का अलर्ट जारी

23 और 24 अगस्त को हिमाचल प्रदेश में और 24 अगस्त को उत्तराखंड में भारी बारिश होने तथा बिजली गिरने की आशंका जताई गई है

By Dayanidhi

On: Monday 22 August 2022
 

मौसम विभाग के अनुसार उत्तर पूर्व मध्य प्रदेश पर बना दबाव पिछले 06 घंटों के दौरान 15 किमी प्रति घंटे की गति के साथ पश्चिम की ओर बढ़ गया और आज 22 अगस्त  को 05:30 बजे के दौरान यह मध्य प्रदेश और उससे सटे दक्षिण उत्तर प्रदेश के पास केंद्रित था।

यह सागर (मध्य प्रदेश) से लगभग 60 किमी उत्तर में, दमोह (मध्य प्रदेश) से 70 किमी पश्चिम-उत्तर पश्चिम और झांसी (उत्तर प्रदेश) से 115 किमी दक्षिण-दक्षिण पूर्व में है।

मौसम विभाग ने बताया कि यह उत्तर-पश्चिम मध्य प्रदेश में पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ना जारी रखेगा और अगले 12 घंटों के दौरान एक कम के दबाव क्षेत्र में पड़ कर कमजोर होता जाएगा।

वहीं मॉनसून की ट्रफ अब अमृतसर, करनाल, दिल्ली, मध्य प्रदेश और उससे सटे दक्षिण उत्तर प्रदेश, सीधी, डाल्टनगंज, जमशेदपुर, खड़गपुर, दीघा और वहां से पूर्व-दक्षिण-पूर्व की ओर बंगाल की खाड़ी के उत्तर-पूर्व की ओर बढ़ रही है।

मौसम विभाग ने उपरोक्त मौसम संबंधी गतिविधियों को देखते हुए आज 22 अगस्त को पूर्वी राजस्थान और पश्चिम मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में अत्यधिक भारी बारिश होने के आसार जताए हैं।  

वहीं मध्य महाराष्ट्र, दक्षिण हरियाणा, पूर्वी मध्य प्रदेश, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के अलग-अलग हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की आशंका है।  

आज असम और मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा, गुजरात, कोंकण और गोवा, कर्नाटक के अलग-अलग हिस्सों में भारी वर्षा होने का पूर्वानुमान है।

22 से 24 अगस्त के दौरान पश्चिम राजस्थान और पश्चिम बंगाल में गंगा के तटीय इलाकों में वज्रपात के साथ भारी बारिश होने तथा 23 अगस्त को मध्य महाराष्ट्र और ओडिशा के घाट के इलाकों और 24 अगस्त को सौराष्ट्र और कच्छ में जमकर बरसेंगे बादल।

वहीं 23 और 24  अगस्त को हिमाचल प्रदेश में और 24 अगस्त को उत्तराखंड में भारी बारिश होने तथा बिजली गिरने की आशंका जताई गई है

आज कहां गिरेगी बिजली तथा कहां पड़ेगी गरज के साथ बौछारें
आज जम्मू और कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान में बिजली गिरने तथा तेज हवाओं के साथ बौछारें पड़ने के आसार हैं।

वहीं आज अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, असम और मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा, गुजरात, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल, केरल और माहे तथा लक्षद्वीप के अलग-अलग हिस्सों में गरज के साथ बौछारें पड़ने तथा बिजली गिरने की आशंका जताई गई है।

Source : IMD

मछुआरों को समुद्र से दूर रहने की चेतावनी
आज कर्नाटक, केरल के तटों और लक्षद्वीप के इलाकों, दक्षिण बंगाल की खाड़ी के मध्य भागों में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तेज हवाओं के और तेज होकर 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार में तब्दील होने के आसार हैं।

वहीं आज पश्चिम-मध्य और आसपास के दक्षिण-पश्चिम और उत्तर-पश्चिम अरब सागर, पूर्व-मध्य अरब सागर, उत्तर-पूर्व अरब सागर से सटे, सोमालिया तट के साथ-साथ, उत्तरी महाराष्ट्र और दक्षिण गुजरात तटों पर 45 से 55 किमी प्रति घंटे की दर से चलने वाली हवाओं के 65 किमी प्रति घंटे की गति तक पहुंचने की आशंका है।

आज दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी, श्रीलंका तट से दूर, मन्नार की खाड़ी और दक्षिण तमिलनाडु तट के साथ-साथ, पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पश्चिमी भाग में भी मौसम संबंधी उपरोक्त गतिविधियों के जारी रहने के आसार हैं।

उपरोक्त मौसम संबंधी गतिविधि को देखते हुए मौसम विभाग ने मछुआरों को इन इलाकों में मछली पकड़ने तथा किसी तरह के व्यापार से संबंधित काम के लिए न जाने की चेतावनी जारी की है।

Subscribe to our daily hindi newsletter