जीव विज्ञानियों ने खोजी गोबी मछली की दो नई प्रजातियां

शोध दल ने दोनों प्रजातियों के लिए माइटोकॉन्ड्रिया से लिए गए डीएनए का विश्लेषण कर इन्हें राइनो गोबियस समूह के भीतर एक प्राचीन वंश में स्थान दिया है।

By Dayanidhi

On: Friday 14 January 2022
 

शोधकर्ताओं की एक टीम ने फिलीपींस के पालावान में गोबी मछली की दो नई प्रजातियां खोज निकाली हैं। गोबी मछली के दोनों वंश राइनो गोबियस से संबंधित हैं। यह खोज जापान के ओकिनावा इंस्टीट्यूट ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी ग्रेजुएट यूनिवर्सिटी (ओआईएसटी) और फिलीपींस में वेस्टर्न फिलीपींस यूनिवर्सिटी (डब्ल्यूपीयू) के शोधकर्ताओं ने की है। 

मछली की इन प्रजातियों में से एक को लैटिन वैज्ञानिक नाम राइनो गोबियस एस्ट्रेला दिया गया, जिसे बारंगे एस्ट्रेला गांव में झरना एस्ट्रेला फॉल्स के नाम पर रखा गया था, जहां गोबी की खोज की गई थी।  

दूसरी प्रजाति का नाम राइनो गोबियस टंडिकन था, जिसका नाम पालावान मोर-तीतर से प्रेरित है जिसे स्थानीय रूप से "टंडिकन" के रूप में जाना जाता है।

ओआईएसटी में मरीन इको-इवो-देवो यूनिट के वैज्ञानिक और अध्ययनकर्ता डॉ केन मैदा ने कहा कि टंडिकन गोबी के शरीर पर नीले निशान पाए गए, जिसने मुझे टंडिकन की पंख में धब्बे की याद दिला दी।

राइनोगो बियस एस्ट्रेला और राइनो गोबियस टंडिकन तीसरी और चौथी नई गोबी प्रजातियां हैं, जिन्हें ओआईएसटी और डब्ल्यूपीयू के बीच एक सहयोगी परियोजना के हिस्से के रूप में फिलीपींस के पालावान में खोजा गया है। 

पालावान के उष्णकटिबंधीय द्वीपों में राइनो गोबियस प्रजातियों की पहचान से पता चलता है कि इस गोबी वंश की सीमा पहले से ज्ञात दक्षिण की तुलना में बहुत आगे तक फैली हुई है।

डॉ. मैदा ने कहा कि हम पहली बार राइनो गोबियस एस्ट्राले को देखकर बहुत हैरान थे और फिर जब हमें दूसरी प्रजाति मिली तो हम वास्तव में उत्साहित थे। राइनो गोबियस की रहने वाली जगहें आमतौर पर समशीतोष्ण और उपोष्णकटिबंधीय क्षेत्रों में पालावान की तुलना में उत्तर में वियतनाम, चीन, जापान और यहां तक ​​कि रूसी सुदूर पूर्व जैसे स्थानों में स्थित है। पालावान में इस वंश से गोबी ढूंढना बहुत अप्रत्याशित था।

शोध दल ने दो प्रजातियों के लिए माइटोकॉन्ड्रिया से लिए गए डीएनए का भी विश्लेषण किया, जिसने दोनों प्रजातियों को राइनो गोबियस समूह के भीतर एक प्राचीन वंश में रखा। पहले केवल एक अन्य गोबी, राइनो गोबियस सिमिलिस, इस विकासवादी रेखा से संबंधित था। तीन प्रजातियां भी इस वंश के लिए समान आकार संबंधी विशेषताओं को साझा करती हैं, जिसमें उनके सिर पर सेंसर की व्यवस्था भी शामिल है।

राइनो गोबियस सिमिलिस के विपरीत, जिसमें जापान से वियतनाम तक एक विस्तृत सीमा है, दो नई प्रजातियां स्थानीय लगती हैं, जिसका अर्थ है कि वे केवल एक ही स्थान पर पाए जाते हैं, यहां तक ​​कि पालावान द्वीप के अंदर भी ऐसा ही है। 

डॉ. मैदा ने कहा कि वैज्ञानिकों ने इन दो नई प्रजातियों की रक्षा करने का आग्रह किया है, साथ ही उनके आवासों के संरक्षण पर विशेष ध्यान दिए जाने पर जोर देने की बात कही है। उनकी स्थानीय प्रकृति वास्तव में दोनों प्रजातियों के लिए खतरे के स्तर को बढ़ाती है। उनके आवास में कोई भी व्यवधान, जैसे बांध, सड़क या कृषि के लिए भूमि का विकास आदि से उनके विलुप्त होने का खतरा हो सकता है। यह शोध जूटेक्सा पत्रिका में प्रकाशित किया गया है।

 

Subscribe to our daily hindi newsletter