भारत में हैं 718 हिम तेंदुए, लद्दाख में सबसे ज्यादा 477, उत्तराखंड में 124 की हुई पुष्टि

भारत में 718 हिम तेंदुओं के पाए जाने की पुष्टि हुई है। देश में सबसे ज्यादा 58 फीसदी हिम तेंदुए लद्दाख में हैं, जहां इनकी कुल आबादी 477 है

By Lalit Maurya

On: Tuesday 30 January 2024
 
देश में सबसे ज्यादा हिम तेंदुए, लद्दाख में हैं जहां इनकी कुल आबादी 477 है। फोटो: आईस्टॉक

भारत में कुल 718 हिम तेंदुओं के पाए जाने की पुष्टि हुई है। देश में सबसे ज्यादा 58 फीसदी हिम तेंदुए लद्दाख में हैं, जहां इनकी कुल आबादी 477 है। इसके बाद उत्तराखंड में 124, हिमाचल प्रदेश में 51, अरुणाचल प्रदेश में 36, सिक्किम में 21, और जम्मू कश्मीर में हिम तेंदुओं की कुल संख्या नौ है।

यह जानकारी केंद्रीय पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय द्वारा जारी नई रिपोर्ट "स्टेटस ऑफ स्नो लेपर्ड इन इंडिया 2023" में सामने आई है। इस स्थिति रिपोर्ट को केंद्रीय पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेन्द्र यादव ने आज नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय वन्यजीव बोर्ड की बैठक के दौरान जारी किया है। पर्यावरण मंत्री ने इस आंकलन को आने वाले समय में हिमालय के पारिस्थितिकी संतुलन को बनाए रखने और संरक्षण को सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया है।

बता दें कि यह भारत में हिम तेंदुए की आबादी का आकलन (एसपीएआई) करने का पहला वैज्ञानिक प्रयास है। इस वैज्ञानिक पहल में उन राज्यों ने जहां हिम तेंदुएं मौजूद हैं, के साथ-साथ नेचर कंजर्वेशन फाउंडेशन, मैसूर और वर्ल्ड वाइड फंड (डब्ल्यूडब्ल्यूएफ) इंडिया ने भी सहयोग दिया है।

हिम तेंदुओं की आबादी को लेकर किया गए अध्ययन में इनके करीब 70 फीसदी संभावित आवास क्षेत्रों को शामिल किया गया था, जिसमें लद्दाख, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, सिक्किम और अरुणाचल प्रदेश सहित ट्रांस-हिमालयी क्षेत्र का 120,000 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र शामिल था। एसपीएआई का यह कार्यक्रम 2019 से 2023 के बीच दो चरणों में चलाया गया था।

इसके प्रारंभिक चरण में हिम तेंदुओं के स्थानिक वितरण का विश्लेषण करना, आवास कारकों पर विचार करना और भारत में हिम तेंदुओं की आबादी के आकलन के लिए 2019 में पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय (एमओईएफसीसी) के दिशानिर्देशों का पालन करना शामिल था। वहीं इसके दूसरे चरण में, प्रत्येक चिन्हित क्षेत्र में कैमरा ट्रैप का उपयोग करके हिम तेंदुओं की संख्या का अनुमान लगाया गया था।

एसपीएआई द्वारा किए इन प्रयासों में हिम तेंदुए का पता लगाने के लिए 13,450 किलोमीटर के मार्गों का सर्वेक्षण किया गया। इसके अतिरिक्त 1,971 स्थानों पर कैमरा ट्रैप लगाए गए थे। इस दौरान अध्ययन में कुल 241 हिम तेंदुओं की तस्वीरें ली गईं। इनके अध्ययन से पता चला है कि हिम तेंदुए की उपस्थिति 93,392 वर्ग किलोमीटर में है, जिसकी अनुमानित सीमा 100,841 वर्ग किलोमीटर है।

गौरतलब है कि वर्ल्ड वाइड फंड (डब्ल्यूडब्ल्यूएफ) द्वारा हिम तेंदुओं को "असुरक्षित" प्रजाति के रूप में वर्गीकृत किया गया है। आज दुनिया भर में इनकी कुल अनुमानित आबादी 4,500 से 6,500 के बीच है। यह एशिया के 12 क्षेत्रों में पाए जाते हैं, जहां इनकी सबसे ज्यादा आबादी चीन में देखी गई है। हालांकि डब्ल्यूडब्ल्यूएफ के मुताबिक इनके 70 फीसदी आवासों पर अब तक शोध नहीं किया गया है।

इससे पहले अगस्त 2023 में प्रकाशित एक अध्ययन में सामने आया था कि जलवायु परिवर्तन, और इंसानी खलल के चलते हिम तेंदुएं पहाड़ों पर और ऊपर की ओर जाने को मजबूर हो रहे हैं। इस अध्ययन के मुताबिक जहां हिम तेंदुएं मानव बस्तियों से दूर, पहाडों पर और ऊपर की ओर चले गए हैं। वहीं, सामान्य तेंदुएं और एशियाई काले भालू ज्यादा वनस्पति वाले निचले क्षेत्रों में आ गए हैं।

Subscribe to our daily hindi newsletter