प्याज के उत्पादन में 15 प्रतिशत से अधिक गिरावट का अनुमान, आलू भी होगा कम

कृषि और किसान कल्याण विभाग ने बागवानी फसलों के वर्ष 2023-24 के उत्पादन का पहला अग्रिम अनुमान जारी किया

By Raju Sajwan

On: Thursday 07 March 2024
 
कृषि एवं कृषक कल्याण विभाग ने बागवानी फसलों के उत्पादन का अग्रिम अनुमान जारी किया है। फाइल फोटो : कुमार संभव श्रीवास्तव

इस साल आलू व प्याज के उत्पादन में कमी की आशंका है। प्याज के उत्पादन में लगभग 15 प्रतिशत और आलू के उत्पादन में दो फीसदी की गिरावट का अनुमान है। 

कृषि और किसान कल्याण विभाग द्वारा सात मार्च 2024 को जारी बागवानी फसलों के वर्ष 2023-24 के उत्पादन के पहले अग्रिम अनुमान में यह जानकारी दी गई है। 

एक सरकारी विज्ञिप्त के मुताबिक साल 2023-24 में प्याज का उत्पादन पिछले वर्ष के लगभग 302.08 लाख टन के उत्पादन की तुलना में लगभग 254.73 लाख टन रहने की आशंका है। यानी कि पिछले साल के मुकाबले इस साल 47.35 लाख टन प्याज का उत्पादन कम रह सकता है। 

विज्ञप्ति के मुताबिक इस साल महाराष्ट्र में 34.31 लाख टन, कर्नाटक में 9.95 लाख टन, आंध्रप्रदेश में 3.54 लाख टन और राजस्थान में 3.12 लाख टन उत्पादन में कमी रह सकती है। 

इसी तरह 2023-24 में आलू का उत्पादन (पहला अग्रिम अनुमान) लगभग 589.94 लाख टन होने की उम्मीद है, जबकि पिछले साल यह लगभग 601.42 लाख टन था, जिसका कारण पश्चिम बंगाल में पिछले वर्ष की तुलना में आई कमी बताया गया है।

हालांकि विज्ञप्ति में कहा गया है कि देश में 2023-24 में बागवानी उत्पादन (प्रथम अग्रिम अनुमान) लगभग 35.525 करोड़ टन होने का अनुमान है। 2022-23 (अंतिम अनुमान) की तुलना में 2023-24 (प्रथम अग्रिम अनुमान) में 1.15 प्रतिशत या 3.27 लाख हेक्टेयर क्षेत्र की वृद्धि रहेगी। मुख्य रूप से केला, नारंगी और आम के उत्पादन में वृद्धि के कारण फलों का उत्पादन 11.208 करोड़ टन तक पहुंचने की उम्मीद है।

इसी तरह सब्जियों का उत्पादन लगभग 20.939 करोड़ टन होने का अनुमान किया गया है। पत्तागोभी, फूलगोभी, कद्दू, साबूदाना, टमाटर और अन्य सब्जियों के उत्पादन में वृद्धि की उम्मीद है।

विज्ञप्ति में कहा गया है कि टमाटर का उत्पादन पिछले साल के लगभग 204.25 लाख टन की तुलना में लगभग 208.19 लाख टन होने की उम्मीद है, जो 1.93 प्रतिशत लाख टन की वृद्धि है।

2022-23 का अंतिम अनुमान भी जारी 

हालांकि 2022-23 (अंतिम अनुमान) में देश में बागवानी उत्पादन लगभग 35.548 करोड़ टन होने का अनुमान लगाया गया है, जो 2021-22 की तुलना में लगभग 83 करोड़ टन (2.39 प्रतिशत) की वृद्धि दर्शाता है। इसी तरह 2021-22 की तुलना में 2022-23 (अंतिम अनुमान) में 1.41 प्रतिशत या 0.40 मिलियन हेक्टेयर क्षेत्र में वृद्धि दर्ज की गई है।

विज्ञप्ति के मुताबिक फलों का उत्पादन 2022-23 (अंतिम अनुमान) में 11.021 करोड़ टन होने का अनुमान है, जिसका मुख्य कारण सेब, केला, अंगूर, आम और तरबूज के उत्पादन में बढ़ोतरी है।

वहीं, सब्जियों का उत्पादन 2021-22 में 20.914 करोड़ टन से बढ़कर 2022-23 में 21.255 करोड़ टन (अंतिम अनुमान) हुआ है। इसका मुख्य कारण मिर्च (हरी), प्याज, मूली, साबूदाने और टमाटर को छोड़कर सभी सब्जियों में दर्ज की गई वृद्धि है।

जबकि प्याज: 2021-22 में 316.87 लाख टन उत्पादन की तुलना में 2022-23 में उत्पादन (अंतिम अनुमान) 302.08 लाख टन होने का अनुमान है। आलू: 2021-22 के लिए अनुमानित 561.76 लाख टन की तुलना में 2022-23 में उत्पादन (अंतिम अनुमान) लगभग 601.42 लाख टन होने का अनुमान लगाया है।

इसके अलावा 2022-23 में टमाटर का उत्पादन (अंतिम अनुमान) लगभग 204.25 लाख टन होने का अनुमान है, जबकि 2021-22 में 206.94 लाख टन था।

Subscribe to our daily hindi newsletter